इंदौर: शहर में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देशन में लगातार सख्त कार्रवाई जारी है. पुलिस कमिश्नर ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त 12 शातिर बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं.पुलिस कार्रवाई में 6 कुख्यात बदमाशों को रासुका के तहत इंदौर जिले एवं उसके सीमावर्ती जिलों से जिलाबदर किया कर दिया, जबकि अन्य 6 बदमाशों को विभिन्न शर्तों के साथ थाना हाजिरी के लिए पाबंद किया है.
जिलाबदर किए गए बदमाशों में केशव उर्फ केसू राठौर को 1 वर्ष के लिए, राहुल उर्फ गोलू खलीफा को 6 माह के लिए, आकाश उर्फ खुश निगवाल 6 माह के लिए, विवेक उर्फ कांणा बरुआ को 6 माह के लिए, राकेश शाह को 6 माह क लिए, अमित उर्फ बकरी को 6 माह के लिए. इन बदमाशों के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में गंभीर अपराध दर्ज हैं. कई बार की गई चेतावनियों और कार्रवाई के बाद भी इनके आपराधिक कृत्य जारी रहने पर पुलिस आयुक्त ने इन्हें शहर व आसपास के जिलों की राजस्व सीमा से बाहर कर दिया है.
इसी तरह अमजद पिता युसुफ मंसूरी को 6 माह, मनोज पिता जगदीश यादव 1 साल, सत्यम उर्फ कर्तव्य पिता दिनेश मराठा को 1 साल, रोहित उर्फ सन्नी पिता संजय शिंदे को 6 माह, आनंद उर्फ भूरा पिता कैलाश मोरे को 1 साल और मुकेश पिता रामकुमार यादव 6 माह के लिए थाना हाजिरी की सजा दी है. इन बदमाशों को निर्धारित अवधि तक संबंधित थाने में नियमित हाजिरी देना, किसी भी अवैधानिक गतिविधि से दूर रहना और लोकशांति भंग न करने जैसी शर्तों का पालन करना अनिवार्य किया है. आदेशों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई की कानूनी पैरवी शासन की ओर से एडीपीओ अजय प्रताप सिंह बुंदेला ने की.
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे.
