खरगापुर: विकासखंड बल्देवगढ़ के अंतर्गत आने वाली शासकीय माध्यमिक शाला हनुमतपुरा में शिक्षकों के समय से पूर्व विद्यालय छोड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। बच्चों के परिजनों का कहना है कि विद्यालय में शिक्षण कार्य समय से पहले समाप्त कर दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में पदस्थ दो नियमित शिक्षक और एक अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं।
आरोप है कि कुछ शिक्षक दोपहर तीन बजे ही विद्यालय बंद कर चले जाते हैं, जबकि निर्धारित समय इसके बाद का है। कुछ अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि एक शिक्षक लंच के समय के बाद विद्यालय से चले जाते हैं।संकुल केंद्र भेलसी के अंतर्गत आने वाले इस विद्यालय की देखरेख वहीं से होती है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से विद्यालय की कार्यप्रणाली की जांच कराने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।इस संबंध में जब संकुल केंद्र के प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका पक्ष नहीं मिल सका।
