सतना: विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की नियत से पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने जहां आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं आरोपिया जेठानी की तलाश की जा रही है.उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरला मार्केट टपरिया बस्ती की निवासी लडक़ी का विवाह उचेहरा के इचौल निवासी गुलशन के साथ हुआ था.
विवाह के कुछ दिनों बाद से ही विवाहिता का पति और उसकी जेठानी द्वारा उसे प्रताडि़त किया जाने लगा. इतना ही नहीं बल्कि शंका के आधार पर पति और जेठानी द्वारा विवाहिता के साथे बेरहमी से मारपीट की जाने लगी. इसी कड़ी में 1 दिसंबर को पति गुलशन बंशकार और जेठानी रेनू उर्फ पुष्पा बंशकार ने विवाहिता के साथ बुरी तरह मारपीट करते हुए पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया.
आग लगने से बुरी तरह घायल विवाहिता को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया गया. जहां पर उसका उपचार जारी है. वहीं घटना के चलते विवाहिता की मां सुकबरिया बंसल ने उचेहरा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 85,109 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी पति गुलशन बंशकार को गिरफ्तार कर लिया. जबकि जेठानी रेनू उर्फ पुष्पा की तलाश की जा रही है.
