सतना: आटो में 7 पेटी अवैध शराब लोड कर ले जा रहे नाबालिग समेत 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. वहीं इस मामले में शराब की तस्करी कराने वाले मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है.उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाइपास ओवर ब्रिज रोड पर पहुंचकर घेराबंदी की. जहां पर एक नीले रंग का आटो खड़ा दिखाई दिया.
पुलिस टीम ने आटो की घेराबंदी करने के बाद जब चालक से पूछताछ की तो उसकी पहचान बिलहटा निवासी नाबालिग के तौर पर हुई. जबकि आटो की बीच वाली सीट पर बैठे युवक की पहचान आकाश साकेत पिता राजेश उम्र 18 वर्ष निवासी बजरंग कालोनी टिकुरिया टोला के तौर पर हुई.
इसी कड़ी में पुलिस टीम ने जब आटो की तलाशी लेनी शुरु की तो बीच वाली सीट के सामने 5 कार्टून और सीट के पीछे 2 कार्टंन रखे मिले. जिन्हें खोलकर देखने पर उनमें शराब भरी पाई गई. आटो में रखी कुल 350 पाव यानी 63 लीटर शराब की कीमत 44 हजार 800 रु आंकी गई. इस संबंध में किसी तरह के दस्तावेज नहीं होने के कारण शराब और आटो को जब्त कर लिया गया. इसी कड़ी में नाबालिग समेत युवक के विरुद्ध कार्रवाई की गई.
तस्कर की तलाश जारी
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उचेहरा के निवासी संजय पाठक ने सतना बाईपास संगम बेला के निकट 7 पेटी शराब आटो में लोड करवाई थी. नीरज ने उनसे कहा था शराब को आटो में लादकर उचेहरा ओवर ब्रिज के पास तक पहुंचा दी जाए. जहां पर वह स्वयं शराब लेने के लिए पहुंच जाएगा. जिसके चलते दोनों आरोपी आटो में शराब लोड कर नीरज के आने का इंतजार कर रहे थे. लेकिन नीरज के वहां पहुंचने से पहले ही पुलिस वहां पहुंच गईं. इस जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा नीरज की तलाश की जा रही है.
