मुंबई, (वार्ता) जानेमाने अभिनेता वरूण बडोला सोनी सब के शो ‘इत्ती सी खुशी’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आयेंगे।
मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित इस शो में वरुण बडोला एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सुहास दिवेकर के रूप में, उनका किरदार एक जटिल पिता का है, जिसकी उपस्थिति उसकी बेटी अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) की ज़िंदगी में कड़वी-मीठी दोनों तरह की है।
‘इत्ती सी खुशी’ 21 वर्षीय अन्विता दिवेकर की कहानी है , जो छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी है और अपने बिखरे हुए घर की अनजाने में ही आधारशिला बन जाती है। शराब में डूबे पिता और उन्हें छोड़ चुकी मां के बीच, अन्विता अपने सपनों की कुर्बानी देकर एक संरक्षक और देखभाल करने वाली बहन की भूमिका निभाती है, जिससे उसका परिवार एकजुट रह सके।
वरुण बडोला ने कहा,“सुहास एक ऐसा इंसान है जो हमेशा जिम्मेदारियों से बचता है, लेकिन वह पूरी तरह से निष्ठुर नहीं है। यह एक बहुत ही नाजुक संतुलन है ।ऐसा किरदार जो पारंपरिक खलनायक नहीं है, लेकिन जिसकी असफलताओं ने उसके बच्चों पर गहरा असर डाला है। यह किरदार कई परतों से भरा है। एक पल वह आपको निराश करता है, तो अगले ही पल आपका दिल तोड़ देता है।”
‘इत्ती सी खुशी’ जल्द ही सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होगा।
