निलंबित भाजपा विधायक पर मद्दुर में भड़काऊ भाषण को लेकर मामला दर्ज

बेंगलुरु, 12 सितंबर (वार्ता) कर्नाटक पुलिस ने निलंबित भाजपा विधायक बासनगौड़ा पाटिल यत्नाल के खिलाफ पिछले दिनों मांड्या जिले के मद्दुर में कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
यह घटनाक्रम वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री सीटी रवि के खिलाफ इसी तरह के आरोप लगने के एक दिन बाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, गुरूवार रात उप-निरीक्षक मंजूनाथ की शिकायत पर श्री पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया कि मद्दुर में भीड़ को संबोधित करते हुये श्री पाटिल की टिप्पणियां दो समुदायों के प्रति दुश्मनी बढ़ा सकती हैं और धार्मिक भावनाएं आहत कर सकती हैं। जांच टीम ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में श्री पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो शत्रुता को बढ़ावा देने और सार्वजनिक शांति भंग करने से संबंधित है। अधिकारियों ने अपने बयान में कहा कि सभा में मौजूद गवाहों के बयान लिये जा रहे हैं और सीसीटीवी दृश्य की भी समीक्षा की जा रही है।
आठ सितंबर से मद्दुर में गहमागहमी बढ़ गयी जब गणेश विसर्जन के दौरान एक मस्जिद के पास झड़पें हो गयीं। विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी की गई, जिससे स्थानीय इलाके में अशांति फैल गयी। पुलिस ने घटना से जुड़े मामले और विरोध प्रदर्शन के दौरान 21 लोगों को गिरफ्तार किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठी चार्ज भी किया। पथराव की घटना के बाद हिंदू समर्थक समूहों ने पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुये विरोध प्रदर्शन किया। श्री रवि और श्री पाटिल सहित कई राजनेताओं ने अगले दिनों में मद्दुर का दौरा किया और सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की तनाव बढ़ने के लिए आलोचना की।
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि वे शांति व्यवस्था बनाये रखने में मदद की बजाय सांप्रदायिक आग भड़का रहे। उन्होंने कहा,”उनके पास लोगों को बांटने और राजनीति खेलने के सिवाय कोई और काम नहीं है। उन्हें विकास में ध्यान केंद्रित करना चाहिये, कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन जुटाना चाहिए और कावेरी, मेकेदातु और महादयी जैसी परियोजनाओं के लिए काम करना चाहिए।”
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि यह हिंसा तब हुयी जब लोगों से जुलूस के दौरान मौके पर ज्यादा देर तक नहीं रुकने को कहा गया। उन्होंने आग्रह किया कि सभी समुदाय शांति बनाये रखें और भरोसा दिया कि इस झड़पों में शामिल सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अन्य तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिये मद्दुर और उसके आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगायी गयी है। गश्ती और शांति समिति की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार के हालात से निपटने के तरीके की आलोचना की और दावा किया कि श्री रवि और श्री पाटिल पर पुलिस की कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को विपक्ष की आवाज को निशाना बनाने के बजाय हिंसा के अपराधियों को पकड़ने पर ध्यान देना चाहिये।
मद्दुर में स्थिति आज नियंत्रण में रही, हालांकि सुरक्षाकर्मी संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रहे हैं। साथ ही पथराव मामले और विपक्षी नेताओं के भाषणों की जांच की जा रही है।

Next Post

फोर्स मोटर्स ने 6.81 लाख तक घटाये दाम

Fri Sep 12 , 2025
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में वाहनों पर कर में कटौती के बाद फोर्स मोटर्स ने शुक्रवार को अपने यात्री वाहनों के दाम 6.81 लाख रुपये तक कम करने की घोषणा की। कंपनी ने बताया है कि ट्रैवलर मॉडल के विभिन्न संस्करणों की कीमत 1.18 […]

You May Like