
छतरपुर। छतरपुर के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस चौकी की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। अब तक यह स्थान थाना यातायात के रूप में कार्यरत था, जिसे अब नवीनीकरण कर पूर्णकालिक पुलिस चौकी में परिवर्तित किया गया है।
यह चौकी बिजावर नाका के पास स्थानांतरित कर बनाई गई है और इसके संचालन से न सिर्फ बस स्टैंड क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था में सुधार और यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान में भी मदद मिलेगी।
हेलमेट बैंक सेवा के निर्देश
एसपी अगम जैन ने इस अवसर पर छत्रसाल चौराहे की तर्ज पर “हेलमेट बैंक” सेवा शुरू करने के निर्देश दिए। इस सेवा के अंतर्गत कोई भी दोपहिया वाहन चालक जो हेलमेट घर पर भूल जाए, वह अपना आधार और वाहन पंजीकरण नंबर देकर निशुल्क हेलमेट ले सकेगा, जिसे 24 घंटे के भीतर वापस करना अनिवार्य होगा।
नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान
कार्यक्रम के दौरान “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, “नशे को कहें ना – हस्ताक्षर अभियान” भी चलाया गया, जिसमें आम लोगों ने बैनर पर हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने की शपथ ली।
एसपी ने चौकी भवन का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरे समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस चौकी में स्थायी पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता, सीएसपी अरुण कुमार सोनी, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह दांगी, यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत सहित शहर के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
