ग्वालियर: ग्वालियर नगर निगम और स्मार्ट सिटी द्वारा पडाव नये पुल के नीचे बनाया गया चिल्ड्रन पार्क इन दिनों दुर्दशा का शिकार बना हुआ है। पार्क बनाने वाले ठेकेदार ने यहां अपना ताला लगा रखा है, जिससे यहां आने वाले बच्चे व सैलानी परेशान होकर लौट रहे है। पार्क की न तो साफ सफाई की जा रही है और ना देख रेख। पार्क में कई बच्चों के झूले भी गायब हो रहे है। पार्क में करोडों रूपये बर्बाद होने के बाद भी इसका उपयोग किसी काम के लिये यहां नहीं हो पा रहा है।
यहां पार्को में लगे झूले व अन्य सामान सडक पर उडने वाली धूल मिटटी से खराब हो रहे है, लेकिन पार्क में रात को लगभग एक दो माह से लाइटें जलाकर बिजली फूंकी जा रही है। हालांकि इस पार्क को महानगरों की तर्ज पर पुलों के नीचे बेकार पडी जगह का उपयोग करने की भावना से बनाया गया था। इस पार्क का शुभारंभ गत वर्ष महापौर, कलेक्टर और स्मार्ट सिटी की सीईओ की उपस्थिति में हुआ था। सूत्रों का कहना है कि ग्वालियर में लगभग दस करोड की लागत से ऐसे थीम पार्क बनाये गये थे । इन सभी पार्को की हालत ऐसी ही लावारिस बनी हुई है। सूत्र बताते है कि इस पार्क को बनाने के लिये स्मार्ट सिटी ने फंड दिया था, जबकि इसका निर्माण नगर निगम ने कराया है
