शिवपुरी: वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झांसी से 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी सचिन रावत को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है कि वकील की जान लेने के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। सचिन ने इसमें से 1.20 लाख रुपये खुद रखे और 80 हजार रुपये तीन शूटरों पपेंद्र, राजकुमार और जहीर को बाँट दिए थे।
इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील शर्मा और उसका भतीजा पहले ही सलाखों के पीछे हैं।इधर, इस हत्याकांड के विरोध में करैरा के अधिवक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लगातार तीसरे दिन न्यायालयीन कार्य पूरी तरह ठप रहा। अभिभाषक संघ ने एसडीएम को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है, जिसमें ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ लागू करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग प्रमुख है। हालांकि जिला जज ने खुद करैरा पहुंचकर अधिवक्ताओं से चर्चा की, लेकिन वकीलों ने दो टूक कह दिया है कि मांगें पूरी होने तक वे 20 फरवरी तक हड़ताल पर रहेंगे।
