हांगकांग सिटी 20 सितंबर (वार्ता) हांगकांग पुलिस ने शनिवार सुबह पूर्वी जिले में एक निर्माण स्थल पर मिले द्वितीय विश्व युद्ध के बम को निष्क्रिय कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि निर्माण स्थल और उसके आसपास का इलाका अब सुरक्षित है और खाली कराए गए निवासी वापस लौट सकते हैं। सभी बंद सड़कों को फिर से खोल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 1.5 मीटर लंबे और लगभग 1,000 पाउंड वज़नी इस हवाई बम को निष्क्रिय करने के लिए, पुलिस ने शुक्रवार रात 11 बजे तक आसपास की इमारतों से लगभग 6,000 लोगों को निकाला था। उनमें से कुछ ने देखभाल टीमों और जिला परिषद सदस्यों की सहायता से सामुदायिक केंद्रों में रात बितायी। बारिश के कारण हुई देरी के बावजूद पुलिस बम निरोधक दस्ते ने खोल में छेद करने और उसके अंदर रखे 500 पाउंड टीएनटी विस्फोटक को जलाने में कामयाब हासिल की।
पुलिस के विस्फोटक आयुध निपटान ब्यूरो के वरिष्ठ बम निरोधक अधिकारी सूर्यंतो चिन-चिउ ने बताया कि शक्तिशाली बम को देखते हुए यह एक बेहद जोखिम भरा अभियान था।

