
इंदौर. चंदन नगर क्षेत्र में सूदखोरों के आतंक की एक और वारदात सामने आई है. शुक्रवार शाम सिरपुर काकड़ इलाके में तीन बदमाशों ने दादी और पोते को बेरहमी से पीटकर जान से मारने की धमकी दी.
चंदननगर थाना प्रभारी इंद्रमणि पटेल ने बताया कि फरियादी 20 वर्षीय गणेश जगताप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने आरोपी सनी, अंशु और जितेंद्र निवासी गीतानगर से 20 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे वह आधी से अधिक रकम चुका चुका था, लेकिन बचे हुए पैसे मांगने आरोपी उसके घर पहुंचे. गणेश ने दो-चार दिन में शेष राशि लौटाने की बात कही तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी, विरोध करने पर उन्होंने बेल्ट से गणेश की पिटाई कर दी, शोर सुनकर बचाने आई दादी कमलाबाई को भी आरोपियों ने पीटा और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. इसी तरह एक अन्य मामले में कालानी नगर निवासी आशीष शर्मा ने भी शिकायत दर्ज कराई है. आशीष ने बताया कि पैसे के लेन-देन को लेकर जितेंद्र यादव और विनोद पंवार ने उसके साथ मारपीट की और धमकाकर मौके से फरार हो गए.
