
जबलपुर। सिहोरा पुलिस ने एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से ले जाई जा रही 70 बोरी यूरिया और 20 बोरी डीएपी खाद जब्त की है। इस मामले में सहकारी विपणन समिति सिहोरा के लिपिक और खलरी महगवां के एक निजी कृषि केंद्र संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कृषि विकास अधिकारी जयपाल सिंह राठौर (62) को सूचना मिली थी कि सरकारी खाद को अवैध रूप से ठिकाने लगाने की तैयारी है। कृषि विभाग की टीम ने घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जी ए 5016 को रोका। वाहन की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में खाद लोड मिली। जब चालक से इसके वैध दस्तावेज और परमिट मांगे गए, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। जांच में पता चला कि सिद्धांत तिवारी पिता जगनारायण तिवारी लिपिक, सहकारी विपणन समिति सिहोरा ने सरकारी गोदाम से खाद की हेराफेरी की। नितेन्द्र पटेल पिता लक्ष्मण पटेल प्रोपराइटर, पटेल कृषि केंद्र, खलरी महगवां का इस सरकारी खाद को अपनी निजी दुकान से महंगे दामों पर बेचने वाला था। शुरुआती जांच में यह साफ है कि सहकारी समिति के क्लर्क और निजी दुकानदार की मिलीभगत से सरकारी कोटे की खाद को खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की साजिश थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेल कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन से शामिल हैं।
