
भोपाल। कोतवाली इलाके में एक 62 साल की बुजुर्ग महिला को नकली नोट की गड्डी दिखाकर बदमाशों ने उनका मंगलसूत्र और कान के टाप्स उतरवा लिए. बदमाशों के झांसे में आई महिला को ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला अशरफी बाई नरसिंहगढ़ जिले की रहने वाली है. वह अपनी त्वचा संबंधी रोग का इलाज कराने शनिवार को भोपाल आई थी. डाक्टर को दिखाने के बाद वह नक्कार खाना गेट के पास दवा लेने पैदल गई थी. तभी वहां दो युवक मिले और उनकी मदद करने के बहाने से बैग अपने पास ले लिया. अशरफी बाई का आरोप है कि युवकों ने उन्हें बताया कि इलाके में कई बदमाश घूमते हैं.
इसलिए वह अपना मंगलसूत्र और कान के टाप्स को उतार ले. अशरफी बाई ने भी वैसा ही किया. युवको ने एक कपड़े में रखी नोटों की गड्डी दिखाकर अशरफी बाई को इसे दिया और उनसे मंगलसूत्र और टाप्स ले लिए. बुजुर्ग महिला इसके बाद आटो में बैठकर सईद नगर स्थित अपनी बेटी के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने नोट देखने के लिए कपड़े को खोला तो उसमें से कागज मिले. ठगी का एहसास होने पर अशरफी बाई ने कोतवाली थाने पुहंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
