
भोपाल। चेतक ब्रिज पर शनिवार देर रात सोयाबीन तेल से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के दौरान एक बच्चा सहित तीन लोग ट्रक के अंदर सवार थे और सभी घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक ट्रक ज्योति टाकीज से आगे बढ़ा था और औबेदुल्लागंज जा रहा था. सोयाबीन तेल की केन भरी हुई थीं. रात के करीब डेढ़ बजे ट्रक ब्रिज के पास पहुंचा और अचानक पलट गया. ट्रक में सवार लोगों को संभलने का मौका तक इस दौरान नहीं मिला. बच्चा और खलासी किसी तरह से बाहर आ गए. ड्राइवर अंदर केबिन में ही फसा रह गया. घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची. अंदर केबिन में फंसे एक ड्राइवर को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया. थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने खुद घायल बच्चे को गोद में लेकर उसे गाड़ी में बैठाकर अस्पताल के लिए रवाना किया.
