नरसिंहगढ़ की वृद्धा से भोपाल के नक्कारखाना में जेवर ठगे

ब्यावरा/ नरसिंहगढ़। भोपाल में इलाज कराने गई नरसिंहगढ़ अंचल की 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दो बदमाशों ने नोटों की गड्डी का झांसा देकर ठग लिया. आरोपियों ने महिला को डराया कि आसपास बदमाश घूमते हैं और उसके सोने के जेवर छीन सकते हैं. इसके बाद कपड़े में लिपटी 500 रुपए के नोटों की गड्डी दिखाकर उसके बदले मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतरवा लिए. महिला को बाद में पता चला कि गड्डी में नोट नहीं, बल्कि सिर्फ कागज थे.

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नक्कारखाना इलाके की है. पुलिस ने महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. उनकी पहचान के लिए हमीदिया अस्पताल से नक्कारखाना गेट के बीच लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

आरोपियों ने कहा- जेवर बदमाश छीन लेंगे

नक्कारखाना गेट के पास बड़े युवक ने महिला से कहा कि इलाके में बदमाश घूमते हैं और वे उसके सोने के जेवर छीन सकते हैं. इसके बाद उसने कपड़े में लिपटी 500 रुपए के नोटों की गड्डी दिखाई. उसने महिला से मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतारकर देने तथा बदले में गड्डी रखने को कहा. महिला के मुताबिक, वह उस समय घबरा गई थी और दोनों युवक जैसा कहते गए, वह वैसा ही करती गई. उसने अपने सोने के जेवर उतारकर दोनों को दे दिए.

साथ घूम रहे नाबालिग को बताया अपना बेटा

आरोपी युवक ने साथ मौजूद किशोर को अपना बेटा बताया. इसके बाद उसने कागज में लिपटी गड्डी से 500-500 रुपए के तीन नोट निकाले और महिला से कहा कि उसका बेटा भूखा है और उसे सामान दिलाना है. इससे महिला को भरोसा हो गया कि गड्डी में वास्तव में नोट ही हैं. जेवर लेने के बाद दोनों ने महिला को ऑटो में बैठा दिया. वह सईद नगर स्थित अपनी बेटी के घर पहुंचीं. वहां उन्होंने कपड़े में लिपटी गड्डी खोली तो उसमें नोटों की जगह सिर्फ कागज मिले. इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस को शिकायत की.

दवा लेने के बाद पीछे लग गए दोनों युवक

पुलिस के मुताबिक, नरसिंहगढ़ निवासी अशरफी बाई पत्नी नाथूलाल वंशकार (62) त्वचा संबंधी बीमारी का इलाज कराने 3 सितंबर को हमीदिया अस्पताल आई थीं. डॉक्टर से परामर्श के बाद वह दवा लेने मेडिकल स्टोर गईं. वहां उन्हें करीब 30 साल का एक युवक और 16-17 साल का किशोर मिला. दवा लेने के बाद महिला ऑटो पकडऩे के लिए निकली तो दोनों उसके पीछे चलने लगे. दोनों ने मदद करने के बहाने महिला का बैग अपने हाथ में ले लिया और उसे पैदल चिरायु अस्पताल के पास नक्कारखाना गेट तक ले गए.

Next Post

मल्होत्रा ने सत्य निकेतन हादसे पर जताया दुख

Sun Sep 6 , 2026
नयी दिल्ली 06 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राजधानी के सत्य निकेतन में हुई इमारत ढहने की दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि केन्द्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम दुख की इस घड़ी में […]

You May Like