मांगलिया में बिजली सिस्टम अपग्रेड, बढ़ेगी सप्लाई की स्थिरता

इंदौर:रिवेम्प्ड डिस्टि्रब्यूशन सेक्टर स्कीम के अंतर्गत मांगलिया-महालक्ष्मी बिजली जोन क्षेत्र की 25 कॉलोनियों के लिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. इस क्षेत्र में अब दोहरी 33 केवी उच्चदाब बिजली लाइन स्थापित की जा रही है, जिससे लगातार और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी.
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर वृत्त अधीक्षण अभियंता डी.के. गाठे ने बताया कि मांगलिया अर्बन बिजली जोन और महालक्ष्मी बिजली जोन क्षेत्र में यह कार्य कराया जा रहा है. इस परियोजना के तहत मांगलिया–सांवेर रोड से कैलोद हाला तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी नई 33 केवी उच्चदाब लाइन बिछाई जा रही है. वर्तमान में इस क्षेत्र में केवल एक ही 33 केवी लाइन उपलब्ध थी, जिसके कारण तकनीकी खराबी आने पर कई बार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी.

नई दोहरी लाइन स्थापित होने के बाद इस पूरे क्षेत्र को 220 केवी ग्रिड जैतपुरा और 220 केवी मांगलिया ग्रिड से अलग-अलग 33 केवी फीडर लाइनों के माध्यम से बेहतर सप्लाई मिल सकेगी. इससे बिजली कटौती की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है. कृषि उपज मंडी के पास पोल लगाने का कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी परियोजना को लगभग दो सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए आवश्यक कर्मियों की तैनाती कर दी गई है.

Next Post

एबीवीपी का उड़ान मेधावी सम्मान समारोह संपन्न

Sun May 10 , 2026
इंदौर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नवलखा जिले द्वारा ‘उड़ान’ मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धनंजय शाह, उद्योगपति अनिल जोशी एवं मालवा […]

You May Like