श्रीनगर, 01 मार्च (वार्ता) जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण पत्थर गिरने की वजह से शनिवार को भी बंद रहा।
फिलहाल, इन मार्गों को साफ करने का काम जारी है। अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे सफाई अभियान पूरा होने तक राजमार्ग पर यात्रा करने से बचें। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा, श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी (एसएसजी) रोड सहित कई अन्य प्रमुख सड़कें जो कश्मीर को लेह से जोड़ती हैं, भद्रवाह-चंबा रोड, मुगल रोड और सिंथन रोड भी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण बंद हैं।
यातायात पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-श्रीनगर एनएचडब्ल्यू अभी भी बंद है। सफाई का काम चल रहा है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे काम पूरा होने तक जम्मू-श्रीनगर एनएचडब्ल्यू पर यात्रा करने से बचें। इसके अलावा, एसएसजी रोड, भद्रवाह-चंबा रोड-मुगल रोड-सिंथन रोड अब भी बंद हैं। उन्होंने यात्रियों से यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स और फेसबुक पेज पर सड़कों की स्थिति की जांच करने का आग्रह किया।
इस बीच, पिछले 24 घंटों में जम्मू -कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सबसे अधिक 23.0 मिलीमीटर (मिमी), गंदेरबल में 18.5 मिमी और पुलवामा में 15.0 मिमी बारिश हुई। काजीगुंड में 12.2 मिमी, कोकरनाग में 11.2 मिमी, पहलगाम में 7 मिमी, श्रीनगर में 1.4 मिमी और गुलमर्ग में 2.6 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में, गुलमर्ग और पहलगाम के पर्यटक रिसॉर्ट में 2.5 सेमी और तीन सेमी बर्फबारी हुई। इसके अलावा, जम्मू संभाग में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिसमें उधमपुर में 21.0 मिमी, रामबन में 16.5 मिमी, बनिहाल में 19 मिमी और जम्मू में 7.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
