नकारात्मक टिप्पणियों की वजह से शुरू हुयी ट्रम्प से नाराजगी

वाशिंगटन, 01 मार्च (वार्ता) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि श्री डोनाल्ड ट्रम्प ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पांच हफ्तों के दौरान कई विवादास्पद टिप्पणियां की, जिसके कारण प्रशासन के साथ उनकी नाराजगी की शुरुआत हुयी थी।

श्री ज़ेलेंस्की ने फॉक्स न्यूज़ के ‘स्पेशल रिपोर्ट’ कार्यक्रम के दौरान कहा, “यह पागल होने की बात नहीं है।” उन्होंने कहा, “जब आप राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति या सीनेटरों को यह कहते हुए सुनते हैं कि यूक्रेन लगभग नष्ट हो गया है, हमारे सैनिक भाग गए हैं, वे नायक नहीं हैं, यूक्रेन ने लाखों नागरिकों को खो दिया है, उनके राष्ट्रपति तानाशाह हैं। इस पर सवाल उठता है कि यूक्रेन और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच हमारी दोस्ती कहाँ है?”

उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि यूक्रेन, अमेरिका और यूरोप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आक्रामकता के सामने अपनी साझेदारी बनाए रखें। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि ओवल ऑफिस में शुरू हुई गरमागरम चर्चाओं के लिए उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए (जो अमेरिका उपराष्ट्रपति जेडी वेंस द्वारा श्री ज़ेलेंस्की पर ‘असभ्य’ होने का आरोप लगाने के बाद शुरू हुई थी) तो यूक्रेनी नेता ने जवाब दिया, नहीं।उन्होंने कहा,“मैं राष्ट्रपति का सम्मान करता हूं, और मैं अमेरिकी लोगों का सम्मान करता हूं। मुझे यकीन नहीं है कि हमने कुछ बुरा किया है।” श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि सुरक्षा गारंटी (जिसके कारण शुक्रवार को ओवल ऑफिस में तनातनी हुयी) अनदेखी करने लायक मुद्दा नहीं है, क्योंकि एक और रूसी आक्रमण का खतरा बहुत बड़ा है।

श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि वह राष्ट्रपति पद से हटने को तैयार हैं, बशर्ते यूक्रेन को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सदस्यता दी जाए। उन्होंने कहा, “हम न्यायपूर्ण और स्थायी शांति चाहते हैं। यह सच है। हम सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं।” उन्होंने कहा, “अगर अमेरिका नाटो का समर्थन करेगा …तो मुझे लगता है कि यूक्रेन के लिए यह पर्याप्त है।” गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करने के बाद श्री ट्रम्प यह कहने लगे हैं कि यूक्रेन को चुनाव कराना चाहिए। उन्होंने दावा किया है कि श्री ज़ेलेंस्की को यूक्रेनी जनता के बीच बहुत कम समर्थन प्राप्त है, लेकिन यूक्रेन के संविधान के तहत, युद्ध के समय मार्शल लॉ लागू होने पर वह चुनाव नहीं करा सकता।

 

 

 

 

Next Post

अमेरिका ने इजरायल को तीन अरब डॉलर की हथियार आपूर्ति को दी मंजूरी

Sat Mar 1 , 2025
वाशिंगटन, 01 मार्च (वार्ता) अमेरिका के विदेश विभाग ने इजरायल को लगभग तीन अरब अमेरिकी डॉलर की संभावित हथियार बिक्री को मंजूरी दे दी है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ‘पेंटागन’ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि आपातकालीन प्रक्रियाओं के तहत कांग्रेस को अधिसूचित किया पैकेज, मानक विधायी […]

You May Like