इंदौर की टिश्यू कल्चर लैब से वानिकी को मिली नई ताकत

इंदौर: सोशल फॉरेस्ट्री सर्किल की प्लांट टिश्यू कल्चर लैब ने पारंपरिक बीज आधारित वानिकी के साथ वैज्ञानिक तकनीक को जोड़ते हुए प्रदेश में पौध उत्पादन की दिशा बदलनी शुरू कर दी है. वर्ष 2019 से अब तक यहां टिश्यू कल्चर से 1.12 लाख से अधिक बांस के पौधे तैयार कर वितरित किए जा चुके हैं, जिससे करीब 31 लाख रुपये का राजस्व अर्जित हुआ है.इंदौर में संचालित यह प्रयोगशाला उन प्रजातियों के लिए वैज्ञानिक समाधान बनकर उभरी है, जहां बीज आधारित संवर्धन जैविक सीमाओं के कारण प्रभावी नहीं रह जाता.

वन मंडलाधिकारी (सोशल फॉरेस्ट्री) प्रदीप मिश्रा ने नव भारत प्रतिनिधि को बताया कि टिश्यू कल्चर का उद्देश्य पारंपरिक व्यवस्था को हटाना नहीं, बल्कि वहां सहारा देना है जहां प्राकृतिक रूप से बीज उपलब्धता बाधित होती है. उन्होंने बताया कि बांस में पुष्पन अनियमित होने से हर वर्ष बीज मिलना संभव नहीं होता, जिससे बड़े पैमाने पर पौध तैयार करना मुश्किल हो जाता है. इसी कारण प्रयोगशाला आधारित तकनीक से नियमित और गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन संभव हुआ है.

बम्बूसा बाल्कोआ की मांग और उत्पादन सबसे अधिक
उन्होंने बताया कि इंदौर लैब में अब तक बम्बूसा बाल्कोआ, बम्बूसा बाम्बोस, बम्बूसा वल्गारिस और डेंड्रोकेलामस एस्पर के लिए मानकीकृत टिश्यू कल्चर प्रोटोकॉल विकसित किए जा चुके हैं, जिनमें बम्बूसा बाल्कोआ की मांग और उत्पादन सबसे अधिक रहा है. मिश्रा ने यह भी बताया कि बीज आधारित वानिकी आज भी उतनी ही जरूरी है, विशेषकर सागौन जैसी प्रजातियों में, जहां प्राकृतिक बीज प्रणाली मजबूत बनी हुई है.

श्री मिश्रा ने कहा कि बीज जैव विविधता और दीर्घकालिक अनुकूलन क्षमता देते हैं, जबकि टिश्यू कल्चर तेज उत्पादन और एकरूपता सुनिश्चित करता है. लैब में दुर्लभ और संकटग्रस्त प्रजातियों पर भी अनुसंधान जारी है, हालांकि वृक्षों का टिश्यू कल्चर एक लंबी वैज्ञानिक प्रक्रिया होने से इसमें समय लगता है. विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के दौर में बीज और विज्ञान का संतुलित उपयोग ही भविष्य की टिकाऊ वानिकी का आधार बनेगा.

Next Post

अवैध हथियारों के साथ धराए दो बदमाश

Tue Feb 17 , 2026
इंदौर:अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राऊ पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो युवकों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए […]

You May Like