नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी भारती एयरटेल ने अपनी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी एयरटेल मनी में 20,000 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश की घोषणा की है।
एयरटेल ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अगले कुछ वर्षों में एनबीएफसी में 20,000 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश किया जायेगा। राशि में 70 प्रतिशत का योगदान एयरटेल देगी और शेष 30 प्रतिशत राशि उसकी प्रवर्तक कंपनी भारती एंटरप्राइजेज देगी।
एयरटेल मनी को इस साल 13 फरवरी को रिजर्व बैंक से एनबीएफसी का लाइसेंस मिला था। कंपनी ने कहा है कि एनबीएफसी क्षेत्र में विस्तार का उद्देश्य पूरे देश में सरल, सुरक्षित और नवाचारी डिजिटल वित्तीय सेवा मुहैया कराना है।
भारती एयरटेल के कार्यकारी उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने कहा कि पिछले दो साल में एयरटेल मनी की सफलता राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रौद्योगिकी, डाटा और ग्राहक-विश्वास के समेकन की हमारी क्षमता का प्रमाण है। उसने इस दौरान 9,000 करोड़ रुपये के ऋण दिये हैं। एनबीएफसी के तौर पर यह विस्तार इस नींव को और मजबूत करता है।
