नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली सरकार ने नौ और 10 अक्टूबर को राजधानी में सभी लाइसेंसी शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। आबकारी, मनोरंजन एवं विलासिता कर विभाग ने यह फैसला “सार्वजनिक व्यवस्था” बनाए रखने के लिए लिया है।
विभाग के आदेश के अनुसार, दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एहतियाती कदम के तौर पर 9 और 10 अक्टूबर को एल-6, एल-6 एवं एल-6एफजी, एल-8, एल-10 तथा एल-8 एवं एल-14 लाइसेंस वाली सभी खुदरा शराब दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर लिया गया है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अगले कुछ दिनों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के करीब 11,000 अतिरिक्त जवानों की दिल्ली में तैनाती की जा रही है।
सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास ने बुधवार को 10 अक्टूबर के जंतर-मंतर प्रदर्शन के संबंध में संसद मार्ग थाने में औपचारिक सूचना दी थी। दिल्ली पुलिस ने हालांकि कहा है कि जंतर-मंतर पर किसी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गयी है और लोगों से किसी भी अनधिकृत जमावड़े में शामिल होने से बचने की अपील की है।
