नयी दिल्ली, 16 मई (वार्ता) मिस्र की राष्ट्रीय विमान सेवा कंपनी इजिप्टएयर के अपने 94 साल पूरे होने पर यहां जश्न का आयोजन किया और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए यूनेस्को के साथ सहयोग की घोषणा की।
इस कार्यक्रम में भारत में मिस्र के राजदूत कामेल गलाल ने दोनों देशों के बीच लगातार मजबूत हो रहे पर्यटन, व्यापार, संपर्क और सांस्कृतिक सहयोग पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में राजनयिक समुदाय के साथ पर्यटन उद्योग, विमानन और कॉर्पोरेट जगत के लोग भी मौजूद थे।
इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए नयी दिल्ली को चुना जाना यह दिखाता है कि दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रहा भारतीय विमानन बाजार एयरलाइंस के लिए कितना महत्वपूर्ण है।
भारत में इजिप्टएयर के प्रबंधक आम्र अली ने कहा, “इजिप्टएयर अपने वैश्विक संचालन के 94 वर्ष पूरे कर रहा है और भारत हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक बाजारों में से एक बना हुआ है। यह शाम केवल हमारी विरासत का जश्न नहीं, बल्कि भारत और मिस्र के बीच बढ़ती मित्रता और हमारे ट्रैवल पार्टनर्स, उद्योग के सहयोगियों तथा यात्रियों के निरंतर समर्थन का भी उत्सव है। अगले वर्ष अपनी 95वीं वर्षगांठ की ओर बढ़ते हुए हम दोनों देशों के बीच संपर्क, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
समारोह के दौरान इजिप्टएयर ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने तथा सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता और पारंपरिक परंपराओं के संरक्षण से जुड़े प्रयासों को समर्थन देने के लिए यूनेस्को के साथ एक आगामी सहयोग की भी घोषणा की। उसने कहा है कि इस पहल से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जायेगी।
दिल्ली और मुंबई से काहिरा के लिए सीधी उड़ानों के माध्यम से इजिप्टएयर भारत के लोगों को मिस्र, अफ्रीका, यूरोप और अन्य देशों से जोड़ने में योगदान दे रहा है।
