नियमितीकरण और नौकरी से निकाले जाने से परेशान पूर्व कर्मचारी ने महापौर की गाड़ी फूंकी

भोपाल। नगर निगम मुख्यालय की पार्किंग में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे महापौर मालती राय की कार में एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी ने आग लगा दी। घटना के समय महापौर प्रथम तल स्थित अपने कार्यालय में थीं। कार में आग लगते ही आसपास मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। एक कर्मचारी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी, जिससे कार को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।

टीटी नगर पुलिस ने नगर निगम कर्मचारी संजीव रघुवंशी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने 5 नंबर स्टॉप, हबीबगंज निवासी आरोपी नीलेश गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है।

मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी नीलेश गायकवाड़ नियमितीकरण की मांग को लेकर निगम मुख्यालय पहुंचा था। यहां उसने महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उसने महापौर की कार की छत पर कागजों से भरी पॉलीथिन रखी और उसमें माचिस से आग लगा दी।

कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाई और कार को पार्किंग से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद महापौर ने पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे। पुलिस भी फुटेज की जांच कर रही है। बताया गया कि घटना के समय आरोपी के एक हाथ में सिरिंज लगी हुई थी।

कर्मचारियों का दावा- नौकरी से निकाला गया था

कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि नीलेश को नौकरी से निकाल दिया गया था। नौकरी जाने के बाद वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसी तनाव में उसने निगम मुख्यालय पहुंचकर विरोध जताया। संगठनों के अनुसार आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसके बच्चों को स्कूल से भी निकालना पड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Next Post

आसियान-भारत कृषि बैठक की तैयारियों की शिवराज ने की समीक्षा

Mon Sep 7 , 2026
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कृषि भवन में आगामी 10वीं आसियान-भारत कृषि एवं वानिकी कार्य समूह बैठक (AIMMAF) की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कार्यक्रम के सुचारू और समन्वित आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। […]

You May Like