आसियान-भारत कृषि बैठक की तैयारियों की शिवराज ने की समीक्षा

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कृषि भवन में आगामी 10वीं आसियान-भारत कृषि एवं वानिकी कार्य समूह बैठक (AIMMAF) की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कार्यक्रम के सुचारू और समन्वित आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सत्रों का संचालन, प्रोटोकॉल व्यवस्था, प्रतिनिधियों की सुविधा, परिवहन, आवास, आयोजन स्थल की तैयारियों और मीडिया समन्वय की समीक्षा की गई। इसके अलावा द्विपक्षीय बैठकों, क्षेत्रीय भ्रमण, समूह फोटो और अन्य प्रस्तावित गतिविधियों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।

मंत्री ने संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति, लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं और बैठक के एजेंडे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। मंत्री स्तरीय सत्रों, एजेंडा बिंदुओं को अपनाने, द्विपक्षीय वार्ताओं और संयुक्त परिणामों से जुड़े कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और अन्य संबंधित संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आसियान में 10 देश शामिल हैं और इसकी संयुक्त आबादी करीब 70 करोड़ है। चार ट्रिलियन डॉलर से अधिक की सामूहिक जीडीपी वाला आसियान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में महत्वपूर्ण आर्थिक और रणनीतिक समूह है। भारत के लिए भी आसियान प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। भारत के आसियान देशों के साथ कृषि और खाद्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण हित जुड़े हैं। भारत अपनी पाम ऑयल जरूरतों के लिए मलेशिया और इंडोनेशिया पर निर्भर है, जबकि म्यांमार से विशेष किस्म के चावल और बड़ी मात्रा में दालों का आयात करता है।

आगामी भारत-आसियान शिखर बैठक के दौरान म्यांमार, लाओ पीडीआर, मलेशिया और तिमोर-लेस्ते ने भारत के साथ द्विपक्षीय चर्चा में रुचि जताई है। बैठक के दौरान जलीय कृषि (Aquaculture) के क्षेत्र में Centre for Excellence स्थापित करने को लेकर समझौता होने की भी संभावना है।

 

 

Next Post

आसियान-भारत कृषि सहयोग: तीन दशक के संवाद से किसानों की समृद्धि तक

Mon Sep 7 , 2026
नई दिल्ली। भारत और आसियान देशों के बीच कृषि सहयोग तीन दशक से अधिक समय से शोध, प्रशिक्षण और मैदानी कार्यक्रमों के जरिए आगे बढ़ रहा है। नई दिल्ली में 9 सितम्बर को होने वाली 9वीं आसियान-भारत कृषि एवं वानिकी मंत्रिस्तरीय बैठक (AIMMAF) और उससे एक दिन पहले होने वाली […]

You May Like