फ्लाईदुबई विमान में पायलटों की झड़प के बाद सऊदी अरब में उतरा विमान, हाईजैक की आशंका खारिज

तेल अवीव, 30 सितंबर (वार्ता) दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान ने बुधवार को उड़ान के दौरान आपात स्थिति घोषित करने के बाद सऊदी अरब के ताबुक हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। इजरायली सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, विमान के अपहरण की आशंका को खारिज कर दिया गया है। ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ ने इजरायली सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना की शुरुआत विमान के दोनों पायलटों के बीच कथित झड़प से हुई। उड़ान के दौरान विमान ने पहले अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन कोड 7700 प्रसारित किया और बाद में 7500 कोड भेजा, जो हाईजैक या किसी अन्य गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देता है।

एक अधिकारी के अनुसार, संदेह है कि एक पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया, जिसके बाद दूसरे पायलट और कुछ इजरायली यात्रियों की मदद से उसे काबू किया गया। अधिकारी ने कहा, ” विमान अचानक नीचे गिरा। यह एक बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था। ” फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान करीब 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 14,000 फुट तक नीचे आया और एक समय इसकी अवरोहण दर करीब 30,976 फुट प्रति मिनट दर्ज की गयी।

7500 कोड मिलने के बाद इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को विमान की ओर रवाना किया गया। करीब 180 यात्रियों को लेकर जा रहा विमान सऊदी अरब के ऊपर से उड़ते समय वापस मुड़ा और बाद में ताबुक के पास ट्रैक किया गया, जहां वह सुरक्षित उतरा। इजरायली सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, आपात संकेत पायलटों के बीच हुई झड़प के कारण सक्रिय हुआ था और यह विमान अपहरण से संबंधित नहीं था।

फ्लाईदुबई ने कहा कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से बेन गुरियन हवाईअड्डे जा रही उड़ान एफजेड1073 में “उड़ान के दौरान घटना” हुई और विमान सुरक्षित ताबुक में उतरा। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) के अनुसार, चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल अयाल जमीर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटना की समीक्षा की। इसमें वायुसेना प्रमुख मेजर जनरल ओमर टिशलर, संचालन निदेशालय प्रमुख मेजर जनरल इत्जिक कोहेन और खुफिया निदेशालय प्रमुख मेजर जनरल श्लोमी बिंडर शामिल थे।

इससे पहले इजरायली सुरक्षा सूत्रों ने कहा था कि विमान के सऊदी अरब में सुरक्षित उतरने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आपात संकेत प्रसारित होने के बाद विमान कुछ समय के लिए उड़ान निगरानी वेबसाइटों से गायब हो गया था। हिब्रू भाषा के मीडिया के अनुसार, घटनाक्रम के दौरान इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने भी आपात बैठक कर स्थिति पर चर्चा की।फ्लाईदुबई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि यात्रियों को तेल अवीव पहुंचाने के लिए दुबई से एक अन्य विमान सऊदी अरब भेजा जाएगा। इजरायल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी एल अल ने भी यात्रियों को वापस लाने के लिए तत्काल राहत उड़ान भेजने की पेशकश की है।

.....

Next Post

नौसेना सम्मेलन: समुद्री युद्ध के बदलते स्वरूप के बीच तकनीक, डेटा साझा करने और तीनों सेनाओं के एकीकरण पर जोर

Wed Sep 30 , 2026
नयी दिल्ली 30 सितम्बर (वार्ता) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने युद्ध के बदलते स्वरूप के अनुरूप प्रौद्योगिकी में तेजी से बदलाव, डेटा के निर्बाध रूप से साझा किये जाने और सेनाओं के बीच अधिक एकीकरण की जरूरत पर बल दिया है। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन […]

You May Like