
रीवा, रीवा जिले में रक्षाबंधन के त्योहार पर घर आए एक इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बैकुंठपुर थाना पुलिस ने करीब दो साल पुरानी लूट की वारदात में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक सिंह को धर दबोचा। आरोपी राखी का त्योहार मनाने अपने घर आया था, लेकिन राखी बंधवाने से पहले ही उसके हाथों में पुलिस की हथकड़ी लग गई।
थाना प्रभारी श्रृंगेश राजपूत ने बताया कि 7 सितम्बर 2024 को बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के लौर तलाव के पास लूट की घटना हुई थी।पीड़ित ग्राम बदराव निवासी आयुष कुशवाहा ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि दो अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रीवा पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
लंबे समय से फरार चल रहा तीसरा आरोपी अभिषेक सिंह, निवासी मझगवा, रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने घर लौटा था। बैकुंठपुर थाना पुलिस को जैसे ही मुखबिर से इसके घर आने की सटीक सूचना मिली, पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में चौथे फरार आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
