‘गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ’ के उदघोष के साथ भगवान गणेश को भावभीनी विदाई

नयी दिल्ली 06 सितंबर (वार्ता) ‘गणपति बप्पा मोरया , अगले बरस तू जल्दी आ’ के उदघोष के साथ 11 दिनों से घरों में बिराजे और सार्वजनिक पूजा पंडालों में स्थापित भगवान गणेश को शनिवार को अनंत चतुर्दशी के पावर अवसर पर भावभीनी विदाई दी गयी।

भगवान गणेश की विदाई के भावनात्मक और उल्लासमय माहौल के बीच लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपने सभी कष्ट एवं दुखों को भगवान गणेश को अपने साथ ले जाने और अगले बरस सुख-समृद्धि के साथ फिर से आने की दुआएं करते हुए उनकी प्रतिमा पवित्र नदियों , झीलों तथा समुद्र में विर्सजन किया।

गणेशोत्सव के लिए दुनिया भर में मशहूर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के हर छोटे बड़े शहरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का आज विसर्जन कर दिया गया। मुंबई में सबसे लोकप्रिय लालबागचा राजा गणेश मूर्ति का विसर्जन जुलूस धूमधाम से निकला। भगवान गणेश को विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उतर आए और ढोल-नगाड़ों की आवाज, पटाखों, भक्तों के जयकारे एवं मंत्रों के उद्घोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया। पारंपरिक ढोल की आवाज एवं संगीत से गूंजते इस रंग-बिरंगे भव्य जुलूस को देखने के लिए ऐतिहासिक चिंचपोकली पुल के ऊपर और नीचे श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई और जयकारे के उद्घोष ने माहौल को और जीवंत बना दिया।

इसी तरह गुड़ और चीनी के लिए प्रसिद्ध पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में 11 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव का समापन हुआ। पारंपरिक संगीत, हाई-मास्ट लाइट और गगनभेदी डीजे की गूंज के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस शनिवार सुबह “गणपति बप्पा मोरया, पुडच्या वर्षी लवकर या” के जयघोष के साथ ढोल, लेज़िम और झांझ की लयबद्ध थाप के साथ शुरू हुआ।

महाराष्ट्र की सीमा से लगे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर , न्यायधानी बिलासपुर और संस्कारधानी के रूप में प्रसिद्ध रायगढ़ में आज गणेशोत्सव का समापन हुआ और स्थापित गणेश प्रतिमओं का विसर्जन किया गया। गणेशोत्सव के लिए समूचे प्रदेश का ध्यान आकृष्ट करने वाले रायपुर में अनेक स्थानों पर गणेश पंडालों पर प्रतिमओं के साथ मनोहारी झांकियां लगायी गयी है। इस दौरान इन झांकियों को देखने शाम से देर रात तक लोगों का हुजूम उमड़ता रहा। गणेश प्रतिमाओं के साथ इन झांकियों का भी रायपुर में खारून बिलासपुर में अरपा और रायगढ़ में केला नदी की जलराशि में विसर्जन किया गया।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद शहर में हुसैन सागर झील में विशालकाय और छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। प्रतिष्ठित खैरताबाद गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा सुबह 07.44 बजे स्थापना स्थल से आरंभ हुई। जुलूस से पहले खैरताबाद गणेश उत्सव समिति के पंडाल में श्री विश्व शांति महा शक्ति गणपति द्वारा विशेष पूजा की गयी। शोभा यात्रा टेलीफोन भवन, तेलुगु थल्ली फ्लाईओवर और सचिवालय होते हुए एनटीआर गार्डन की ओर बढ़ी। सैकड़ों लोगों ने खैरताबाद गणेश पर फूल बरसाकर उन्हें विदाई दी।

प्रतिमा 2.5 किलोमीटर के लंबे मार्ग से हैदराबाद के मध्य स्थित हुसैन सागर झील तक ले जायी गयी, जहां दोपहर लगभग 13.30 बजे बाहुबली क्रेन प्वाइंट नंबर 4 पर इसका विसर्जन किया गया। विसर्जन से पहले मूर्ति की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुलूस में शामिल हुयी। खैरताबाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन संपन्न होने के बाद एनटीआर मार्ग पर अन्य प्रतिमाओं के विसर्जन का रास्ता साफ हो गया।

इसी बीच तेलंगाना में ही बालापुर गणेश लड्डू इस साल रिकार्ड 35 लाख रुपये में नीलाम हुआ, जबकि पिछले साल यह 30 लाख रुपये में नीलाम हुआ था। करीब 21 किलो का यह प्रसिद्ध लड्डू करमनघाट के स्थानीय निवासी लिंगाला दसरद गौड़ ने जीता। शाम तक ग्रेटर हैदराबाद की सीमा में 1.50 लाख से अधिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका था। विसर्जन की सुविधा के लिए 20 प्रमुख झील और 72 विशेष कृत्रिम तालाब तैयार किये गये हैं। गणेशोत्सव समारोह के समापन के मौके पर दो लाख से अधिक गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की निगरानी के लिए 50,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

आम-खास लोगों के बीच दिलों तक गहरी पैठ बनाने वाले सोशल मीडिया पर भी गणेश विसर्जन सुंदर तस्वीरें पोस्ट की गयी। सोशल मीडिया पर आध्यात्मिकता के भाव से प्रेरित कैप्शन “ जिनका निर्माण हुआ है , उनका विर्सजन निश्चित है . यही समझााने के लिए गणपति बप्पा आते हैं” वाली गणेश प्रतिमा विसर्जन की तस्वीरों ने लोगों को आकर्षित और भावविह्वल किया।

Next Post

गरोठ में मुस्लिम समाज द्वारा रक्तदान शिविर, 60 यूनिट रक्त एकत्रित

Sat Sep 6 , 2025
गरोठ। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर मुस्लिम समाजजनों ने सेवा और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया। खिदमत-ए-खल्क ग्रुप गरोठ द्वारा आयोजित इस शिविर में 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।   शासन और स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा […]

You May Like