
छतरपुर। जिले में अनंत चतुर्दशी पर्व और ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की। शनिवार सुबह विसर्जन स्थलों, प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस अधिकारियों ने बल को ब्रीफ कर रवाना किया। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति न बने।
जिला पुलिस अधीक्षक अगम जैन स्वयं फील्ड पर मौजूद रहे और उन्होंने शहर के अलग-अलग इलाकों का निरंतर निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्कता बरतने तथा आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए।
अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बनाए गए मार्गों और प्रताप सागर तालाब सहित अन्य स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। वहीं, ईद मिलादुन्नबी के जुलूस और धार्मिक कार्यक्रम भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
