पटवारी ने भाजपा और नरोत्तम पर साधा निशाना

दतिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नरोत्तम मिश्रा को अहंकारी बताते हुए कहा है कि दतिया की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने दतिया की जनता का आह्वान किया कि प्रत्याशी कोई हो, वोट हाथ के पंजे पर करें।

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह निर्धारित समय से करीब चार घंटे देरी से दतिया के मोटल होटल पहुंचे।

इन नेताओं के पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। मंच पर आते ही जीतू पटवारी ने भाजपा और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधा। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को अहंकारी भैया” कहकर संबोधित किया और कहा कि दतिया की जनता उनके किए गए पापों को कभी माफ नहीं करेगी। पटवारी ने उनके एकल भोजन को लेकर भी तंज कसा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों का जिक्र किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मंच से कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि इस बार प्रत्याशी चाहे कोई भी हो, वोट सिर्फ हाथ के पंजे पर पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा लोकतंत्र की हत्या की है और इस बार दतिया की जनता को अहंकार को हराना है। पटवारी ने कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन 12 जुलाई को भरने की घोषणा कर दी। उन्हें याद दिलाया गया कि उस दिन रविवार है। इसके बाद उन्होंने कहा कि नामांकन शनिवार या सोमवार को दाखिल किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पटवारी ने कार्यकर्ताओं की उत्सुकता बढ़ाते हुए कहा, “प्रत्याशी घोषित कर दूं क्या?” इस पर कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा, “ऐलान कर दो।” कुछ पल रुकने के बाद पटवारी ने जवाब दिया, “मेरा प्रत्याशी हाथ का पंजा है।” इस बयान के बाद भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई, जिससे कार्यकर्ताओं और नेताओं में असमंजस की स्थिति बनी रही।

*जब दिग्विजय का भाषण बीच में रुका* पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जब अपना संबोधन दे रहे थे, लेकिन बीच में उन्हें भाषण रोकना पड़ा। इसी बीच जीतू पटवारी एक मोबाइल फोन लेकर मंच पर पहुंचे, जिस पर दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती बात कर रहे थे। मोबाइल का स्पीकर ऑन कर उसे माइक के पास रखा गया, ताकि कार्यकर्ता भी बातचीत सुन सकें। राजेंद्र भारती ने बताया कि दिल्ली में उनका हर्निया का ऑपरेशन हुआ है, जिसकी वजह से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

Next Post

अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी : महेन्द्र सिंह गुर्जर

Sat Jul 4 , 2026
मंदसौर। जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर के अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर शनिवार सुबह नाहरगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुनील माली सहित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर हाल ही में नाहरगढ़ थाने में हुई घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। श्री गुर्जर ने […]

You May Like