
सिंगरौली। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान एवं सरस्वती शिक्षा परिषद के तत्वाधान में आज शुक्रवार को राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में नमामि भारतम-वंदे मातरम् सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 4500 बच्चों ने आचार्य एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। मुख्य वक्ता उत्तम बनर्जी ने वंदेमातरम के इतिहास और महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि यह आजादी के मतवालो का गीत है, जिसमें संस्कृत बांग्ला और हिंदी भाषा समहित है, यह गीत पूरे राष्ट्र की आराधना और आत्मा है हम सभी को इसका सम्मान करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा रहे। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह उत्तम बनर्जी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ऊर्जांचल विभाग के विभाग प्रचारक प्रशांत, राज्यमंत्री राधा सिंह, जिला संघ चालक अनिल झा, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, विद्याभारती मध्य क्षेत्र के सदस्य राजेंद्र गुप्ता, सीडा अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, जिला सचिव डॉ. सुशील सिंह चंदेल तथा विद्याभारती महाकौशल प्रांत के सदस्य यदुवीर यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उक्त आयोजन में भारत विकास परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय मजदूर संघ अधिवक्ता परिषद सहित क्षेत्र के कई सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
