
इंदौर. रविवार की दरमियानी रात से सुबह तक चली पुलिस की सघन चेकिंग में 472 लोगों पर कार्रवाई की गई. इस दौरान अलग अलग मामलों में 252 वारंट तामील कराए. शराब पीकर वाहन चलाने वाले 148 लोगों पर कार्रवाई हुई, जबकि तीन लोगों से अवैध चाकू बरामद किए.
पुलिस ने रात में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में अचानक चेकिंग शुरू की थी. इसमें पुलिस टीमों ने गुंडे बदमाशों, निगरानीशुदा बदमाशों और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाने के साथ उनके ठिकानों और गतिविधियों की जांच की. लंबे समय से फरार आरोपियों के 65 स्थायी, 65 गिरफ्तारी और 122 जमानती वारंट तामील किए. चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई. 148 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हुई. अंतरराज्यीय बसों और लोक परिवहन वाहनों के चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के 12 और नशे का सेवन करने वालों के चार मामले भी दर्ज किए. साथ ही अवैध हथियारों की तलाश में एरोड्रम पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में दो लोगों को चाकू के साथ पकड़ा, जबकि तुकोगंज पुलिस ने भी एक आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार किया. आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 53 लोगों पर कार्रवाई की गई.
इस दौरान पुलिस ने हॉटस्पॉट और शेडो एरिया में ड्रोन से भी निगरानी की. संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त और बाइक पेट्रोलिंग भी की. होटल, लॉज, रैन बसेरा, ढाबों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर संदिग्ध लोगों की जांच की गई. इस दौरान फरार आरोपियों में से कुछ को पुलिस ने पकड़ा है. वहीं आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर तैयार किए गए और उन्हें दोबारा अपराध नहीं करने की हिदायत दी गई. यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई हुई. ब्लैक फिल्म, हूटर और मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों की जांच कर चालान बनाए. पुलिस टीमों ने लोगों से बातचीत कर साइबर अपराध, महिला अपराध, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर भी समझाइश दी.
आगे भी जारी रहेगी अचानक चेकिंग…
अचानक चेकिंग का मकसद बदमाशों पर दबाव बनाए रखना और शहर में असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखना है, ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
राजेश त्रिपाठी, डीसीपी क्राइम
