संजय टाइगर रिजर्व : बाघ – बाघिन की झड़प, पर्यटकों के कैमरे में कैद

सीधी। जिले के संजय टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह मॉर्निंग सफारी के दौरान पर्यटकों को एक दुर्लभ वन्यजीव नजारा देखने को मिला। दुबरी रेंज क्षेत्र में टी-28 बाघिन और टी-26 नर बाघ आमने-सामने आ गए, जिसके बाद उनके बीच कुछ देर के लिए झड़प हुई। बताया गया कि जैसे ही नर बाघ टी-26 की नजर बाघिन टी-28 पर पड़ी वह उत्तेजित होकर दहाडऩे लगा। दोनों के बीच हल्की-फुल्की झड़प हुई, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वे एक साथ जंगल की ओर निकल गए। पर्यटकों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दुर्लभ दृश्य को कैमरे में कैद करने वाले पर्यटक आदित्य सिंह ने बताया कि यह क्षण बेहद अद्भुत और यादगार था। उन्होंने कहा कि आमतौर पर पर्यटक बाघों की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन रविवार सुबह उन्हें न सिर्फ दो बाघ दिखाई दिए, बल्कि उनके प्राकृतिक व्यवहार को लाइव देखने का अवसर भी मिला। संजय टाइगर रिजर्व के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि नर और मादा बाघ के मिलने पर इस प्रकार का व्यवहार सामान्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की झड़प में डरने जैसी कोई बात नहीं होती, यह बाघों के स्वभाव का हिस्सा है। डीएफओ ने यह भी कहा कि रिजर्व क्षेत्र में बाघों की संख्या बढऩे के साथ ही अब उन्हें देखना पर्यटकों के लिए आसान होता जा रहा है। इसी कारण यहां आने वाले आगंतुकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Next Post

न्यायिक जागरूकता मैराथन दौड़ के साथ लगाई गई प्रदर्शनी

Sun Nov 9 , 2025
रीवा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर न्यायिक जगरूकता मैराथन एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश मोहन प्रधान द्वारा मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. यह दौड़ स्वामी विवेकानंद पार्क से प्रारंभ होकर शिल्पी प्लाजा […]

You May Like