बुधनी। नगर के युवा शक्ति क्लब के तत्वावधान में आयोजित युवा शक्ति कप सीजन-7 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता स्वर्गीय पवन पटेल की स्मृति में आयोजित की गई थी. जिसमें मप्र की विभिन्न जिलों की टीमों सहित देश के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों ने भाग लिया.
रविवार को खेले गए युवा शक्ति कप के फाइनल महामुकाबले में एचएम एकता 11 भोपाल और आरआर 11 की टीमें आमने-सामने रहीं. पहले बल्लेबाजी करते हुए एचएम एकता 11 ने 8 ओवरों में 85 रन बनाए। जवाब में आरआर 11 ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम ओवरों में रोमांचक जीत दर्ज कर विजेता कप के साथ 3 लाख रुपए की पुरस्कार राशि अपने नाम की. वहीं उपविजेता रही एचएम एकता 11 को 1.5 लाख रुपए एवं ट्रॉफी देकर स मानित किया गया. साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाडिय़ों को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अर्जुन मालवीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे.युवा शक्ति कप सीजन 7 को लेकर नगर के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ था. मैदान पर खेले जा रहे प्रत्येक मुकाबले को देखने के लिए नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खेलप्रेमी आ रहे थे.
मुख्य अतिथि विधायक श्री भार्गव ने कहा कि युवा शक्ति कप जैसे आयोजन नगर को प्रदेश एवं देश में नई पहचान दिला रहे हैं. उन्होंने दशहरा मैदान पर हाई मास्क लाइट लगाए जाने के लिए 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की. वहीं नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि द्वारा एक माह के भीतर दशहरा मैदान में हाई मास्ट लैंप लगाए जाने का आश्वासन दिया गया. इसके अलावा विधानसभा की खेल प्रतिभाओं को सदैव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया.
