सतना : रविवार को शहर के सिटी कोतवाली तिराहा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी शुरु हो गई जब अचानक फूट पड़ी पाइपलाइन के पानी से आस पास का इलाका सराबोर होने लगा. इस घटना ने एक बार फिर से नगर निगम के गुधवत्तापूर्ण कार्यों के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी.सिटी कोतवाली तिराहे अथवा अग्रसेन चौक से जयस्तंभ चौकी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नेमा स्वीट्स के सामने सडक़ के नीचे धंसी एक पाइपलाइन रविवार को अचानक फूट पड़ी.
फूटी पाइपलाइन से निकली पानी की धार तेज होती चली गई. आलम यह रहा कि देखते ही देखते पानी का फौव्वारा लगभग 150 फीट की उंचाई तक पहुंचने लगा. अचानक सामने आए इस घटनाक्रम की वजह से एक ओर जहां आस पास के दुकानदारों के बीच अफरा-तफरी शुरु हो गई. वहीं दूसरी ओर वहां से गुजर रहे लोगों के कौतूहल का ठिकाना नहीं रहा. पानी की धार इतनी तेज थी कि नेमा स्वीट्स के बगल से होकर गुजरने वाली गली में बाढ़ जैसी स्थिति नजर आने लगी.
यह तो गनीमत रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण गली में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय बंद था. बताया गया कि सीवर लाइन को लेकर मुख्य मार्ग पर की गई लापरवाहीपूर्ण खुदाई की वजह से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी. वहीं रेस्टारेशन की कवायद के चलते पाइपलाइन और क्षतिग्रस्त हो गई, नतीजतन पूरे फोर्स के साथ पानी का फौव्वारा फूट पड़ा. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा सुधार कार्य को टाला जाता रहा.
