नयी दिल्ली, (वार्ता) भारतीय नौसेना ने अरब सागर में सुनियोजित अभियान चलाकर समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ के चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। साथ ही जहाज को भी छुड़ा लिया।
भारतीय नौसेना ने मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्र में 48 घंटे तक अभियान चलाकर को इन सभी को छुड़ाया। इस अभियान में भारतीय वायु सेना ने भी सहयोग दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने इस सफल अभियान के लिए नौसेना को बधाई दी और दोनों सेनाओं के समन्वय और परिचालन तत्परता की सराहना की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि दो नवंबर को मुंबई से 3000 किलोमीटर से अधिक दूर अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाली नाव ‘अज़िनी’ के सभी 20 चालक दल के सदस्यों को मुक्त करा लिया गया है। इसके लिए भारतीय नौसेना ने 48 घंटे तक बेहद सुनियोजित अभियान चलाया। इस सफल अभियान के लिए भारतीय नौसेना को बधाई।
उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना के समय पर मिले सहयोग से भारी हथियारों से सुसज्जित समुद्री लुटेरों के चंगुल से चालक दल और नाव को तुरंत ढूंढ निकालना, उन्हें रोकना और सुरक्षित छुड़ाना, भारतीय नौसेना की उच्च परिचालन तत्परता और पूरे समुद्री क्षेत्र में खतरों का निर्णायक रूप से सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत के पास लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने की क्षमता, इरादा तथा दृढ़ संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि भारत ‘सुरक्षित समुद्र’ सुनिश्चित करने और एक मुक्त, खुले तथा सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
