
भोपाल: बीएचईएल, भोपाल इकाई में “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े का आयोजन किया गया, जिसे इस वर्ष “स्वच्छोत्सव” के रूप में मनाया गया। इस पहल का उद्देश्य संयंत्र और टाउनशिप क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
अभियान की शुरुआत “स्वच्छता शपथ” से हुई। इस दौरान सभी सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण ओएचएस विभाग में चिकित्सकीय टीम की देखरेख में किया गया। जांच में मधुमेह, रक्तचाप और सामान्य स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। कर्मियों को उनके स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी दी गई और रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई। यह पहल एचएसई विभाग द्वारा एचआर, ओएचएस और फैक्ट्री-सिविल विभागों के सहयोग से की गई।
पखवाड़े के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सफाई कर्मियों को पुरस्कृत करना, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर जागरूकता सत्र और साबुन व दस्ताने का वितरण शामिल था। संयंत्र परिसर, टाउनशिप और क्लीन टारगेट यूनिट (CTU) क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए।
यह आयोजन बीएचईएल भोपाल की स्वच्छता, श्रमिक कल्याण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो राष्ट्रीय “स्वच्छ भारत मिशन” के अनुरूप है।
