बकरी चराने गई वृद्धा पर जंगली सुअर ने किया हमला

छिंदवाड़ा। चौरई तहसील के खैरांजी गांव में शनिवार को जंगली सुअर के हमले में 70 वर्षीय वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार खैरांजी निवासी जुगरूबाई पति मानसिंह अपने खेत के पास बकरी चराने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। वृद्धा के शोर करने पर ग्रामीण वहां पहुंच गए और घायल वृद्धा को सुरक्षित बाहर निकालकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला भी जिला अस्पताल पहुंचा। वन विभाग के अधिकारियों ने घायल महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। विभाग की ओर से नियमानुसार सहायता प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली सुअरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से वन्यजीवों की गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

पुलिस ने लाखों की एमडीएमए ड्रग्स के साथ एनडीपीएस के पुराने आरोपी को फिर दबोचा

Sat Jul 11 , 2026
रतलाम। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माणकचौक पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम एमडीएमए (एमडी) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये […]

You May Like