सीहोर। श्रावण माह के प्रथम दिन गुरुवार को शहर पूरी तरह शिवमय नजर आया. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांवडिय़ों और स्थानीय श्रद्धालुओं की आस्था ने सीवन तट से लेकर कुबेरेश्वर धाम और शहर के प्रमुख शिवालयों तक धार्मिक वातावरण बना दिया.
श्रावण माह के पहले दिन गुरुवार को सुबह से ही सीवन नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां स्नान के बाद कांवडिय़ों ने पवित्र जल भरकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कुबेरेश्वर धाम की ओर प्रस्थान किया. श्रावण माह के पहले दिन सीवन तट पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष लगातार गूंजते रहे. कंधों पर सजी कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं की टोलियां कुबेरेश्वर धाम की ओर बढ़ती दिखाई दीं. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की. वहीं शहर के प्राचीन एवं प्रमुख शिव मंदिरों में भी सुबह से देर शाम तक दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और दूध अर्पित कर विधि-विधान से भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. मंदिरों में भजन-कीर्तन और शिव आराधना का दौर भी चलता रहा.
श्रावण माह के शुभारंभ के साथ ही धार्मिक आयोजनों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. पूरे माह मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.
स्थाई पुलिस चौकी व स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
जिला कांग्रेसअध्यक्ष राजीव गुजराती ने प्रशासन को पत्र लिखकर कुबेरेश्वर धाम पर स्थाई पुलिस चौकी की स्थापना करने एवं कावड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है. गुजराती ने बताया कि कुबेरेश्वर धाम से शिवभक्त पैदल कावड़ यात्रा करते हैं. लेकिन कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
