पुलिस ने लाखों की एमडीएमए ड्रग्स के साथ एनडीपीएस के पुराने आरोपी को फिर दबोचा

रतलाम। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माणकचौक पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम एमडीएमए (एमडी) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में पकड़ा जा चुका है, जिससे पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शादाब उर्फ भूरा पिता लईक अहमद खोखर (40) निवासी अशोक नगर, रतलाम बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।

आरोपी के खिलाफ थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाता था, किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के साथ उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक राजसिंह, विजय झोडिया, दीपक बोरासी, राजेश मईडा तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

 

हत्या के प्रयास, जुआ, दहेज प्रताडऩा और एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज

 

पुलिस जांच में सामने आया कि शादाब उर्फ भूरा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, जुआ, दहेज प्रताडऩा और वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट सहित कुल पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस उसके अन्य संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

Next Post

बाइक डिवाइडर से टकराने से युवक की मौत

Sat Jul 11 , 2026
छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गुरैया नाका निवासी अभिषेक पिता राजू सोनी अपने दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर […]

You May Like