
इटारसी। 12 बंगला रेल संस्थान इटारसी के तत्वाधान में आयोजित अंतर विभागीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार 9 फरवरी 2026 से क्वार्टर फाइनल मुकाबलों की शुरुआत हुई। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में ऑपरेटिंग, S&T और TRS-A की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहला क्वार्टर फाइनल: ऑपरेटिंग का दबदबा
पहला मुकाबला DSL/SD बनाम ऑपरेटिंग टीम के बीच खेला गया। ऑपरेटिंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 136 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजल शेड की टीम दबाव में आ गई और 88 रन पर सिमट गई। ऑपरेटिंग टीम ने यह मुकाबला आसानी से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मैच में शुभम शर्मा के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा क्वार्टर फाइनल: S&T की 24 रन से जीत
दूसरा मुकाबला TRO-A बनाम S&T के बीच खेला गया। S&T की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में TRO-A की ओर से धीरज यादव और अमित चौहान ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 112 रन ही बना सकी और 24 रन से मुकाबला हार गई। S&T के संजय कैथवास को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
तीसरा क्वार्टर फाइनल: TRS-A की 5 विकेट से जीत
तीसरा क्वार्टर फाइनल RPF बनाम TRS-A के बीच खेला गया। RPF ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 89 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए TRS-A की टीम ने 5 विकेट खोकर 93 रन बनाते हुए जीत हासिल की। इस मैच में अरविंद यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुख्य अतिथि और आयोजन
मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में आरके यादव (WCREU मंडल अध्यक्ष) एवं हितेश डोंगरे (AISC/STRA मंडल अध्यक्ष) उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व युवा नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल मौजूद रहे।
आयोजन में 12 बंगला रेल संस्थान के सचिव वकील सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद गोरे, दीपक कुमार, सूर्यवंशी, सचिन यादव, लेखराम मीणा, तौसीफ खान, जावेद भाई और प्रदीप प्रजापति सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मैच संचालन
मैच का रोमांचक आंखों देखा हाल कमेंटेटर आर.के. पांडे ने सुनाया। अंपायर की भूमिका में निलेश गठिया, मनीष पाल, सचिन चौहान, मनीष मेहरा, अमित जायसवाल, धर्मेंद्र भगत और राहुल कुमार रहे। स्कोरिंग का जिम्मा सौरभ पाराशर, योगेश फिरके और राजेश मीना ने संभाला।
