
भोपाल। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को नीलबड़ और मुंडला क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया की मौजूदगी में नीलबड़ स्थित मरघट की शासकीय भूमि पर बने अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। शहर की अवैध कालोनियों और शासकीय भूमि पर कई दिनों से बंद कार्रवाई शुक्रवार से फिर से शुरू हो गईप्त तहसील हुजूर के अंतर्गत नीलबड़ इलाके में शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाए गए 20 दुकानों के शॉपिंग कॉम्पलेक्स को ढहाने की कार्रवाई की गई. यह कॉम्पलेक्स मरघट की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था. इसके अलावा तहसील हुजूर के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुंडला की 1.21 एकड़ जमीन पर चार पार्टनर मिलकर अवैध कालोनी काट रहे थे, जिसे प्रशासन ने कार्रवाई कर जमींदोज कर दिया. जानकारी के अनुसार यह कालोनी सीधे कृषि भूमि पर काटी जा रही थी. जमीन का डायवर्सन व अन्य अनुमतियों के बिना ही प्लॉट बेचे जाने की तैयारी थी, जिसके चलते भविष्य में खरीदारों को बिजली, स्ट्रीट लाइट, सीवेज और ड्रेनेज नेटवर्क की समस्या आती. लोगों को समस्या से बचाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई कर कालोनी की फेंसिंग, एप्रोच रोड सहित अन्य निर्माण तोड$कर काम रुकवा दिया.
नीलबड़ में शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर चला बुलडोजर
नीलबड़ इलाके में व्हीएंडके एसोसिएट्स विजेन्द्र सिंह ठाकुर और कृष्णकांत शुक्ला द्वारा श्मशान भूमि के लिए आरक्षित 8719 वर्गफीट जमीन पर कब्जा कर अवैध शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण कर लिया गया था. इस दौरान 20 दुकानें बनाकर बेचे जाने की तैयारी थी. प्रशासन ने अतिक्रमणकर्ता को नोटिस जारी करने के बाद शुक्रवार को पूरे निर्माण पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया.
मुंडला में निर्मित अवैध कालोनी का काम रुकवाया
हुजूर तहसील के ग्राम मुंडला में 1.21 एकड़ जमीन पर अवैध कालोनी काटे जाने की तैयारी थी. मुकेश पाटीदार की खसरा क्रमांक 233/1/1 की 0.101 हेक्टेयर जमीन, कमला देवी की खसरा क्रमांक 233/1/2 की 0.102 हेक्टेयर जमीन, रेखा सचदेव की खसरा नंबर 233/1/3 की 0.142 हेक्टेयर और अनिल पाटीदार की खसरा नंबर 233/1/4 की 0.142 हेक्टेयर जमीन जिसका कुल क्षेत्रफल 0.49 हेक्टेयर (1.21 एकड़) है। अवैध कालोनी काटी जा रही थी. यहां भी एप्रोच रोड, फेंसिंग सहित अन्य निर्माण जमींदोज कर कालोनी का काम रुकवाया गया.
इनका कहना है :
हुजूर तहसील में बने अवैध निर्माणों को तोडऩे की कार्रवाई जारी है. नीलबड़ में अवैध शॉपिंग कॉम्पलेक्स को तोड़ा व मुंडला में अवैध कालोनी का काम रुकवाया गया.
विनोद सोनकिया, एसडीएम हुजूर
