
बुधनी। शाहगंज क्षेत्र के ग्राम चाचमऊ के समीप बहने वाली चांदनी नदी के किनारे शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक विशालकाय मगरमच्छ को धूप सेंकते और नदी किनारे रेंगते हुए देखा. मगरमच्छ दिखाई देने की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. हालांकि लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखी, लेकिन मगरमच्छ को देखकर क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया.
ग्रामीणों के अनुसार चांदनी नदी उनके दैनिक जीवन का प्रमुख हिस्सा है. किसान सिंचाई के लिए नदी का उपयोग करते हैं, वहीं मवेशियों को पानी पिलाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे आते-जाते हैं. ऐसे में नदी के किनारे मगरमच्छ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि यदि मगरमच्छ लगातार इसी क्षेत्र में बना रहा, तो किसी भी समय मवेशियों या नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों पर हमला होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे भी अक्सर नदी किनारे खेलते हैं और महिलाएं भी विभिन्न कार्यों के लिए यहां पहुंचती हैं. ऐसे में मगरमच्छ का खुले में दिखाई देना पूरे गांव के लिए चिंता का विषय बन गया है. लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उपयुक्त स्थान पर छोडऩे की मांग की है.
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी. सूचना पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने मगरमच्छ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं. विभाग द्वारा नदी के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है और आवश्यकता पडऩे पर रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी भी की जा रही है.
सेल्फी बनाने करीब न जाएं युवक
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि वे नदी के सुनसान और गहरे हिस्सों में जाने से बचें तथा बच्चों को अकेले नदी के आसपास न जाने दें। साथ ही मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे छेडऩे या फोटो-वीडियो बनाने का प्रयास बिल्कुल न करें. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मगरमच्छ की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. यदि वह आबादी की ओर बढ़ता है या लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता है, तो विशेषज्ञों की मदद से उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा.
