खनन क्षेत्र पर राष्ट्रीय चिंतन शिविर गाँधीनगर में शुरू, रेड्डी शुक्रवार को करेंगे औपचारिक उद्घाटन

नयी दिल्ली, 08 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी गाँधीनगर (गुजरात) में शुक्रवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय खनिज चिंतन शिविर-2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे जिसे देश के खनन क्षेत्र के स्वस्थ विकास के लिए नीतियों एवं कार्ययोजनाओं का निर्धारण करने के लिए राज्य सरकारों सहित सभी हितधारकों के साथ गहन चर्चा करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

गुरुवार से शुरू इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के खान मंत्री, केंद्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और उद्योग जगत के हितधारक भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य खनन क्षेत्र से संबंधित प्रमुख नियामक और विकासात्मक मुद्दों पर संरचित विचार-विमर्श करना और केंद्र-राज्य समन्वय को और मजबूत करना है।

सरकार खनिजों के आयात पर निर्भरता कम करने, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और खनन पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत करने पर विशेष बल दे रही है। खान मंत्रालय को उम्मीद है कि इन चर्चाओं से देश के खनन क्षेत्र के समग्र और सतत विकास के लिए सहकारी संघवाद की भावना के साथ एक समन्वित वृहद योजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

गाँधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय खनिज चिंतन शिविर-2026 खनिज मिशन पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन, उन्नत विनिर्माण और उभरती प्रौद्योगिकियों के लिए आवश्यक और रणनीतिक खनिजों की घरेलू उपलब्धता को मजबूत करना है।

इस दौरान खनिज स्रोतों के अन्वेषण में तेजी, आपूर्ति श्रृंखलाओं की सुरक्षा, घरेलू प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन को प्रोत्साहनऔर दीर्घकालिक खनिज सुरक्षा को समर्थन देने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय में सुधार आदि पर चर्चा की जाएगी।

शिविर के एजेंडा में खनिज ब्लॉकों की खोज और नीलामी, स्वस्थ विधियों से खनन , उन्नत प्रौद्योगिकियों का समावेश, खान सुरक्षा, करोबार सुगमता और खनिज क्षेत्र में मूल्यवर्धन को बढ़ावा देने पर चर्चा भी शामिल है।

 

Next Post

जरूरतमंदों को रैन बसेरों में पहुंचाया

Thu Jan 8 , 2026
छिंदवाड़ा। नगर निगम की टीम द्वारा रात्रि के समय शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे सो रहे जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया। तापमान में लगातार गिरावट के चलते रात के समय ठंड से परेशान राहगीरों, श्रमिकों एवं बेसहारा नागरिकों को तत्काल राहत […]

You May Like