2026-27 के व्यस्त सीजन में बेंगलुरु में इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी

मुंबई, 26 मार्च (वार्ता) भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम वर्ष 2026-27 में घरेलू मैदान पर चार देशों के खिलाफ 17 जगहों पर 22 अंतरराष्ट्रीय मैच खलेंगी।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को बताया कि भारतीय पुरुष टीम आगामी 2026-27 सीजन में अपने घरेलू मैदानों पर 17 जगहों पर 22 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। भारत के 2026-27 होम सीज़न का कैलेंडर जारी हो गया है, जिसमें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के पांचों टेस्ट नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। टीम इंडिया का यह साल काफ़ी वयस्त रहने वाला है। चार देशों की टीमें द्विपक्षीय सीरीज़ खेलने भारत पहुंच रही हैं। दौरे का आगाज़ वेस्टइंडीज़ (27 सितंबर-17 अक्तूबर) से होगा, जिसके बाद श्रीलंका (13-27 दिसंबर), ज़िम्बाब्वे (3-9 जनवरी) और आख़िर में ऑस्ट्रेलिया (21 जनवरी-7 मार्च) की चुनौती होगी।
ख़ास बात यह है कि ज़िम्बाब्वे की टीम पूरे 24 साल बाद भारत की सरज़मीं पर कोई द्विपक्षीय सीरीज़ खेलने उतरेगी। इसके अलावा, बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट की रौनक लौटेगी। पिछले साल जून में यहां मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से यहां कोई बड़ा मैच नहीं हुआ। अब 17 अक्तूबर को कैरेबियाई टीम और 16 दिसंबर को श्रीलंकाई टीम के

ख़िलाफ़ होने वाले मैचों से इस मैदान की वापसी होगी। बेंगलुरु के साथ-साथ गुवाहाटी, हैदराबाद, रांची और अहमदाबाद को इस सीज़न में दो-दो मैचों की मेजबानी मिली है। गुवाहाटी का मैदान पिछले साल नवंबर में अपना पहला टेस्ट आयोजित करने के बाद अब लगातार दूसरे साल लाल गेंद के क्रिकेट की मेज़बानी के लिए तैयार है। दिल्ली में 13 दिसंबर को होने वाला वनडे भी सुर्ख़ियों में है। सर्दियों में यहां स्मॉग और प्रदूषण की समस्या खिलाड़ियों के लिए मुश्किल खड़ी करती रही है, जैसा 2017 में श्रीलंका के ख़िलाफ़ मैच में देखा गया था। यही वजह है कि बोर्ड ने पिछले साल की तरह इस बार भी शेड्यूल में अदला-बदली की है ताकि दिल्ली में दिवाली के प्रदूषण के समय मैच न हो। दूसरी ओर कोलकाता और मुंबई के ऐतिहासिक मैदानों पर ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ वनडे मुक़ाबले खेले जाएंगे।

भारत का 2026-27 घरेलू कार्यक्रम वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ तीन वनडे: तिरुवनंतपुरम (27 सितंबर), गुवाहाटी (30 सितंबर), न्यू चंडीगढ़ (3 अक्टूबर) वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पांच टी20: लखनऊ (6 अक्टूबर), रांची (9 अक्टूबर), इंदौर (11 अक्टूबर), हैदराबाद (14 अक्टूबर), बेंगलुरु (17 अक्टूबर)
श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीन वनडे: दिल्ली (13 दिसंबर), बेंगलुरु (16 दिसंबर), अहमदाबाद (19 दिसंबर)
श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीन टी20: राजकोट (22 दिसंबर), कटक (24 दिसंबर), पुणे (27 दिसंबर)
ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ तीन वनडे: कोलकाता (3 जनवरी), हैदराबाद (6 जनवरी), मुंबई (9 जनवरी)
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पांच टेस्ट: नागपुर (21-25 जनवरी), चेन्नई (29 जनवरी-2 फ़रवरी), गुवाहाटी (11-15 फ़रवरी), रांची (19-23 फ़रवरी), अहमदाबाद (3-7 मार्च)

Next Post

एशियन गेम्स मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर बहुत महत्वपूर्ण हैं: मीराबाई चानू

Thu Mar 26 , 2026
रायपुर, 26 मार्च (वार्ता) भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने कहा है कि एशियन गेम्स मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वहां मेरा अभी भी कुछ काम शेष है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के बुधवार को उद्घाटन समारोह के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में मीराबाई ने […]

You May Like