महाप्रबंधक-सांसदों की बैठक में विकास परियोजनाओं पर मंथन

रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल कार्यालय स्थित समिति कक्ष में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय और विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के सांसदों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में रेलवे की विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, संरक्षा और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने की। महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन में पश्चिम रेलवे और रतलाम मंडल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों, सुरक्षा उपायों, अधोसंरचना विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

बैठक में सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। चर्चा के दौरान इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना, डॉ. अंबेडकर नगर-ओंकारेश्वर आमान परिवर्तन, इंदौर स्टेशन पुनर्विकास, रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद रेल मार्ग, उज्जैन-फतेहाबाद दोहरीकरण, ट्रेनों के ठहराव, विस्तार और नई रेल सेवाओं के संचालन जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।

वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महापर्व को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने सिंहस्थ से जुड़ी रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें।

 

सांसदों ने दिए सुझावों

 

महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सांसदों द्वारा उठाए गए सभी विषयों और सुझावों पर गंभीरता से विचार करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। बैठक में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, शंकर लालवानी, ज्ञानेश्वर पाटिल, जसवंत सिंह भाभोर सहित विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

शिवम दुबे और दिव्यांश सक्सेना के शानदार प्रदर्शन से एआरसीएस अंधेरी टॉप पर पहुंची

Fri Jun 5 , 2026
मुंबई, 05 जून (वार्ता) शुक्रवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नुवामा प्राइवेट टी 20 मुंबई लीग 2026 के मैच में, स्टार भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने शानदार गेंदबाजी की और ओपनर दिव्यांश सक्सेना ने सिर्फ़ 39 गेंदों पर नाबाद 88 रनों की तूफानी पारी खेली। इन दोनों के शानदार […]

You May Like