
सिंगरौली । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में मेरा सपनों का भारत 2047 थीम पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन आज सोमवार को किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री राधा सिंह रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला स्तरीय पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के भारत के निर्माता होंगे।
उन्होंने कहा कि मेरा सपनों का भारत 2047 जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपने सपनों, विचारों और रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत पात्र मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी का वितरण भी किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही स्कूटी उनकी उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इस अवसर पर ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सीडा अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, डीईओ कविता त्रिपाठी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
