
टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 21 अगस्त को प्रस्तावित टीकमगढ़ दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी और आईजी मिथलेश शुक्ला बुधवार को टीकमगढ़ पहुंचे। उनके साथ इस मौके पर कलेक्टर विवेक कुमार श्रोतिय एवं एसपी सुधीर अग्रवाल मौजूद रहे।
दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शहर में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड, तखा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और नगर पालिका का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 अगस्त को टीकमगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब 5 घंटे टीकमगढ़ में रहेंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कमिश्नर और आईजी के निरीक्षण के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियों में और तेजी ला दी है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
