
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना अंतर्गत सेमराबाग में बोर्ड परीक्षा के पश्चात घर की ओर जा रही स्कूली छात्रा को कटर मारकर गंभीर रुप से घायल करने वाले आरोपी युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी. जिसका शव आज सुबह बरामद किया गया और पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
मकरोनिया थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कल शनिवार को बोर्ड परीक्षा देकर घर की ओर जा रही 17 वर्षीय स्कूली छात्रा का रास्ता रोककर आरोपी युवक नीलेश पटैल उम्र 23 वर्ष ने पहले तो बहसबाजी की और फिर अचानक छात्रा पर कटर से वार करना शुरु कर दिया. वार भी एक नहीं अनेकों बार करने से गंभीर रुप से घायल छात्रा को बीएमसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों द्वारा बताए गए अनुसार स्कूली छात्रा के शरीर पर कटर के घाव के चलते 100 से अधिक टांके लगाए गए हैं. घटना स्थल से छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई और बीएमसी पहुंचे परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी युवक के विरुद्ध जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है.
आरोपी युवक की तलाश में पुलिस ने उसके परिजनों से भी पूछताछ शुरु की गई मगर देर रात्रि तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला था. आरोपी युवक का मोबाइल भी बंद था. पुलिस के अनुसार आज रविवार की सुबह 5 बजे रेलवे के पुलिस कर्मियों द्वारा थाने को सूचित किया गया कि रजाखेड़ी रेलवे क्रॉसिंग के आसपास एक युवक का शव पड़ा है.
मौके पर पहुंची मकरोनिया पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर परिजनों की मौजूदगी में शिनाख्ती नीलेश पटेल के रुप में की गई जो कि स्कूली छात्रा को कटर मारने का ही आरोपी था. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच ले लिया और शव का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया. जिसके पश्चात अंतिम संस्कार किया गया.
