
सीधी। जिले में जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू हो चुका है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का महाअभियान चल रहा है। 30 मई तक चलने वाले इस पहले चरण के तहत प्रगणक घर-घर पहुंचने लगे हैं और 33 बिंदुओं पर परिवारों की विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं।
इसमें लोगों से पूंछा जा रहा है कि आप कौन सा अनाज खाते हैं, गेंहू चावल या अन्य? आपके पास कौन सी गाड़ी है? जैसे सवाल भी पूछे जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार जनगणना पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस है। भीषण गर्मी के चलते जनगणना में लगे फील्ड कर्मचारियों को एक मेडिकल किट दी गई है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि प्रगणकों को दोपहर में ज्यादा गर्मी महसूस होने पर वे कुछ समय के लिए आराम कर सकते हैं। जिससे उनके स्वास्थ्य पर मौसम का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। फील्ड में जाने वाले सीधी जिले के सभी 2006 प्रगणकों को क्यूआर कोड युक्त आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से साथ में रखने को कहा गया है। जिससे उनकी पहचान और डेटा की प्रमाणिकता सुनिश्चित की जा सके। जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी सेंसस एक्ट 1948 के तहत पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। इसकी जांच टैक्स या न्यायालय में उपयोग नहीं किया जा सकेगा। अभियान 30 मई तक चलेगा। पहले दो दिन प्रगणको के मोबाइल ऐप इंस्टालेशन और प्रेक्टिकल प्रशिक्षण दिया गया फिर 3 मई से प्रगणक घरों में पहुंच रहे हैं। मोबाइल ऐप से मौके पर ही मकानों की जियो ट्रैकिंग की जा रही है।
16 से 30 अप्रैल 2026 तक जिन नागरिकों ने पोर्टल से ऑनलाईन स्व-गणना पूरी की है उन्हें प्रगणकों को 11 अंकों की एसई आईडी दिखानी होगी। डेटा का सत्यापन किया जा सकेगा। जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के चलते सख्त टाइमलाइन तय करते हुए 20 मई तक मकानों की गणना का शत-प्रतिशत काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाएगा। 5 मई तक 10 प्रतिशत कार्य, 10 मई तक 40 प्रतिशत, 15 मई तक 70 प्रतिशत और 20 मई तक शत प्रतिशत मकान सूचीकरण का लक्ष्य रखा गया है।
जनगणना के लिये 2244 ब्लॉक
सीधी जिले में जनगणना के लिए संपूर्ण मकानों को 2244 ब्लॉक में बांटा गया है। एक ब्लॉक में औसतन 200 मकान हैं। प्रत्येक ब्लॉक का अपना सीरियल नंबर है। उन ब्लॉक के भीतर हर मकान को भी सीरियल नंबर दिया गया है। प्रत्येक ब्लॉक की जनगणना के लिए प्रगणक नियुक्त होकर कार्य कर रहे हैं। उनकी मदद के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और वार्ड प्रभारियों को भी लगाया गया है। जिले में 334 सुपरवाइजर एवं 44 रिजर्व सुपरवाइजर सहित 207 रिजर्व प्रगणकों को रखा गया है।
नागरिकों से पूछे जायेंगे ये 33 सवाल
जनगणना 2027 के लिए नियुक्त प्रगणकों द्वारा नागरिकों से 33 सवाल पूछे जाएंगे। मकान से जुड़े सवाल- भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, फर्श किस चीज का बना है, दीवार किस चीज की बनी है, छत किस चीज की बनी है, मकान का उपयोग रहने दुकान आदि के लिए हो रहा है, मकान की हालत कैसी है। परिवार से जुड़े सवाल- घर का नंबर (परिवार के लिए), कुल कितने लोग रहते हैं, परिवार के मुखिया का नाम, मुखिया का लिंग, मुखिया किस वर्ग से है, मकान अपना है या किराए का, कितने शादीशुदा जोड़े हैं, परिवार के पास रहने के लिए कमरों की संख्या। सुविधा से जुड़े सवाल- पीने का पानी कहां से आता है, पानी की सुविधा घर में है या बाहर, बिजली/रोशनी का मुख्य साधन, शौंचालय है या नहीं, शौंचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी कैसे होती है, नहाने की जगह है या नहीं, रसोई है या नहीं, एलपीजी/पीएनजी या है नहीं, खाना पकाने का मुख्य ईधन। डिजिटल और सामान से जुड़े सवाल- रेडियो/ट्रांजिस्टर है या नहीं, टीवी है या नहीं, इंटरनेट सुविधा है या नहीं, लैपटाप/कम्प्यूटर है या नहीं, मोबाइल/फोन है या नहीं। वाहन और अन्य जानकारी- साइकिल/स्कूटर/बाइक है या नहीं, कार/जीप/वैन है या नहीं, परिवार कौन सा अनाज ज्यादा खाता है, मोबाइल नंबर जनगणना के लिए।
