
गुना। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को गुना में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होकर जिले को बड़ी विकास सौगातें दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 1059 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाली अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 130 करोड़ की लागत के 144 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए विकास कार्यों और उद्योगों से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
